चीफ एडिटर महफूज अहमद
अमेठी। महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा संचालित “संकल्प – हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन योजना” के अंतर्गत सितम्बर माह में 10 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 02 सितम्बर से 12 सितम्बर तक चलेगा। अभियान के प्रथम दिन 02 सितम्बर को जिला संयुक्त चिकित्सालय, गौरीगंज अमेठी में महिला कल्याण विभाग के हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मियों द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीएमसी ऋषि यादव, जेंडर स्पेशलिस्ट राकेश कुमार यादव, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव, केसवर्कर बेबी सिंह, सुपरवाइजर रोशनलाल तथा असिस्टेंट जानवी गुप्ता सहित विभागीय टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने केंद्र और राज्य सरकार की सभी महिला-केंद्रित योजनाओं और नीतियों की विस्तृत जानकारी दी।
जागरूकता टीम ने प्रतिभागियों को विभिन्न हेल्पलाइनों से अवगत कराया, जिनमें –
👉 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076
👉 वूमेन पावर लाइन 1090
👉 वूमेन हेल्पलाइन 181
👉 पुलिस आपातकालीन सेवा 112
👉 एंबुलेंस सेवा 108
👉 चाइल्ड हेल्पलाइन 1098
👉 साइबर हेल्पलाइन 1930
इसके अतिरिक्त महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित प्रमुख योजनाओं – मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मातृत्व वंदना योजना, मिशन शक्ति, सखी निवास तथा वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाएं और बालिकाएं मौजूद रहीं और उन्होंने इस पहल की सराहना की।



