Homeदेश - विदेशजिले को मिली सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन 14 वर्ष की आयु पूर्ण...

जिले को मिली सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों को लगेगा मुफ्त एचपीवी टीका।

महफूज अहमद

अमेठी। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद अमेठी को भी एचपीवी वैक्सीन की आपूर्ति प्राप्त हो गई है। यह विशेष अभियान 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों के लिए चलाया जाएगा, जिसके तहत उन्हें निशुल्क टीका लगाया जाएगा। यह टीकाकरण सरकार के सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत नहीं बल्कि एक विशेष राष्ट्रीय अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत ‘गार्डासिल’ नामक क्याड्रिवैलेंट एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी। यह वैक्सीन एचपीवी के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण माने जाते हैं। इसके अतिरिक्त यह टाइप 6 और 11 से भी बचाव करती है। विशेषज्ञों के अनुसार 14 वर्ष की आयु में दी गई एक खुराक से लंबे समय तक मजबूत सुरक्षा मिलती है। भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। हर वर्ष देश में लगभग 80 हजार नए मामले सामने आते हैं और करीब 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु इस बीमारी से हो जाती है। वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी पाई गई है। वर्ष 2006 से अब तक दुनिया भर में इस वैक्सीन की 60 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं और कई देशों में टीकाकरण के कारण एचपीवी संक्रमण तथा सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है। भारत अब उन 160 देशों में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने अपने टीकाकरण कार्यक्रम में एचपीवी वैक्सीन को शामिल किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि यह टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क और स्वैच्छिक होगा। इसका उद्देश्य सभी वर्गों की किशोरियों तक समान रूप से इस सुविधा को पहुंचाना है। अभियान का शुभारंभ 13 मार्च 2026 को संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज में किया जाएगा। यहां प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों को उनके अभिभावकों की सहमति के बाद एचपीवी टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर 23 फरवरी 2026 को एचपीवी टीकाकरण को लेकर कार्यशाला भी आयोजित की जा चुकी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी के अनुसार जिले में लगभग 24 हजार किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीका लगाया जाएगा। शासन से वैक्सीन की आपूर्ति प्राप्त हो चुकी है और इसे कोल्ड चेन में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए किशोरियों का पंजीकरण कराया जाएगा। कोविड टीकाकरण की तरह इसमें भी स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था होगी। 13 मार्च 2026 से संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज में प्रत्येक कार्यदिवस पर एचपीवी टीका लगवाया जा सकेगा।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
23.1 ° C
23.1 °
23.1 °
19 %
2.2kmh
2 %
Thu
23 °
Fri
37 °
Sat
38 °
Sun
39 °
Mon
38 °

Most Popular