महफूज़ अहमद
किसानों से फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने की अपील, लक्ष्य पूरा करने के निर्देश।
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज तहसील गौरीगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत तुलसीपुर में कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कैंप में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सभी किसान भाई अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवाएं, ताकि उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में कैंप के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जा रही है, वहीं आगामी चरण में घर-घर जाकर भी किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाएगी, जिससे कोई भी पात्र किसान छूटने न पाए। कैंप में फार्मर रजिस्ट्री के साथ-साथ फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कुल 2,44,000 फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक लगभग 2,19,000 किसानों की रजिस्ट्री पूर्ण की जा चुकी है। इस प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराई जाए और अभियान में तेजी लाई जाए। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी सहित कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



