अमेठी। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा शासन की योजनाओं को गांव स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से आज ग्राम पंचायत नन्दौर में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी मुसाफिरखाना अभिनव कनौजिया ने की। चौपाल के दौरान उप जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान तथा उपस्थित ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने विभिन्न विषयों से जुड़ी समस्याओं को रखा, जिनमें विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों पर चर्चा की गई। उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। इस अवसर पर राजस्व विभाग से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भी उपस्थित रही, जिन्होंने ग्रामीणों से भूमि, खसरा-खतौनी, सीमांकन तथा अन्य राजस्व कार्यों से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उप जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को उनके गांव में ही सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने तथा किसी भी समस्या की जानकारी समय पर प्रशासन को देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे और प्रशासन द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना की।