Home Blog

वृद्धाश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित, 73 बुजुर्गों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण।

महफूज अहमद

अमेठी। जिला अस्पताल असैदापुर की टीम द्वारा आज गौरीगंज स्थित वृद्धाश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. पितांबर कनौजिया ने वृद्धाश्रम में आवासित बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उन्हें रोगानुसार आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान कुल 73 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय परामर्श देते हुए डॉ. कनौजिया ने बुजुर्गों को नियमित रूप से हल्का-फुल्का व्यायाम करने, प्रतिदिन टहलने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संतुलित दिनचर्या और सावधानी से स्वास्थ्य बेहतर रखा जा सकता है। निःशुल्क दवा एवं परामर्श प्राप्त कर वृद्धजन संतुष्ट एवं प्रसन्न दिखाई दिए।

प्रथम दिवस बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण व नकल विहीन संपन्न।

0

संपादक महफूज अहमद

85 परीक्षा केंद्रों पर रही कड़ी निगरानी, कंट्रोल रूम से हुई सतत मॉनिटरिंग।

प्रथम दिवस परीक्षा में अनुपस्थित रहे 2,037 परीक्षार्थी।

अमेठी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 आज प्रथम दिवस जनपद अमेठी में सकुशल, नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाई स्कूल में कुल 26,167 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 24,964 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 1,203 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में 21,380 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 20,546 उपस्थित रहे तथा 834 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशन में जनपद के 85 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का लगातार भ्रमण किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की सतत निगरानी की गई, जिससे परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी रही। जिला विद्यालय निरीक्षक ने आगे बताया कि 19 फरवरी को द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

अमेठी में एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन, 349 अभ्यर्थियों का चयन।

0

MNEWSUP

अमेठी। जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय, अमेठी द्वारा दिनांक 29 दिसम्बर को श्री निषादराज अखंडानंद पी.जी. कॉलेज किटियांवा शाहगढ़ में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। रोजगार मेले में कॉलेज के प्रबंधक शिव प्रसाद कश्यप द्वारा भी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। मेले में कुल 11 प्रतिष्ठित कंपनियों के मानव संसाधन प्रतिनिधियों (एचआर) द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार किया गया। इस रोजगार मेले में कुल 547 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 349 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया। इस अवसर पर राजकीय आईटीआई जगदीशपुर के प्रधानाचार्य अजय सिंह, अनुदेशक भारत भूषण मिश्रा, कौशल विकास मिशन से मृत्युंजय तिवारी सहित जिला सेवायोजन कार्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

जगदीशपुर पुलिस द्वारा कार से स्टंट करने वाला स्टंटबाज गिरफ्तार ।

MNEWSUP

   जगदीशपुर /अमेठी 28 दिसम्बर को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जिसमें एक व्यक्ति कस्बा जगदीशपुर स्थित बस स्टैण्ड पर कार से खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए दिखाई दे रहा था । उक्त वायरल वीडियो की शिकायत मिलने पर तत्काल वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस अधीक्षक अमेठी द्वारा स्टंट करने वाले व्यक्ति की पहचान करने व उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया था ।
 थाना जगदीशपुर पुलिस द्वारा उक्त वायरल वीडियो के सन्दर्भ में जांच की गयी तो उक्त अल्टो कार यूपी 32 जेसी 8936 वाहन से स्टंट करने वाले व्यक्ति की पहचान अफसार पुत्र इसरार निवासी ग्राम पूरे तालबेन मजरे निसूरा थाना जगदीशपुर जनपद अमेठी उम्र कराब 30 वर्ष के रूप में हुई   29 दिसम्बर को थाना जगदीशपुर पुलिस द्वारा कार यूपी 32 जेसी 8936 के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत व स्टंटबाज के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है ।

आपदा मित्र प्रशिक्षण के लिए अमेठी से 30 प्रतिभागी लखनऊ रवाना।

चीफ एडिटर महफूज़ अहमद

अमेठी। राज्य आपदा मोचन बल, लखनऊ द्वारा आयोजित आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए अमेठी जनपद से 30 आपदा मित्रों को शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अर्पित गुप्ता ने बस द्वारा रवाना किया। 12 दिवसीय इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक चिकित्सा, आकाशीय बिजली से सुरक्षा, डूबने की घटनाओं से बचाव, सड़क दुर्घटनाओं में सहायता सहित विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने के तरीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। रवानगी के दौरान अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद सभी आपदा मित्र जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात रहकर आपदा के समय त्वरित सहायता उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित आपदा मित्र आपदा के दौरान “कवच” की तरह कार्य करेंगे, जिससे जरूरतमंद लोगों को तुरंत सहायता मिल सकेगी और अमूल्य जीवन बचाने में मदद मिलेगी।

जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों की डीएम ने की समीक्षा।

0

M NEWS UP

गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश।

अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएँ। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। कार्यदायी संस्थाएँ सामग्री की गुणवत्ता जांचकर ही उसका प्रयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी परियोजना में शिथिलता, मानक विहीन कार्य या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीएम ने निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं हेतु धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उन्हें निश्चित समयावधि में हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाएँ गंभीरता से काम करें और निर्माण में देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन कार्यों को पूरा कराने में बजट की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तुरंत शासन को भेजे जाएँ ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और परियोजनाएँ समय पर पूरी हो सकें। डीएम ने निर्देश दिया कि जो परियोजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं उन्हें संबंधित विभाग को शीघ्र हैंड ओवर कर दिया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शैलेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशिक्षु अधिकारियों को दी गई जनपद में संचालित योजनाओं व क्रियान्वयन प्रक्रिया की जानकारी।

0

जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों का किया मार्गदर्शन।

प्रशिक्षु अधिकारी जनपद के ब्लॉकों व ग्राम पंचायतों में जाकर सीखेंगे प्रशासनिक कार्यप्रणाली।

अमेठी। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी के 100वें फाउंडेशन कोर्स के अंतर्गत प्रशिक्षु अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संजय चौहान ने की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन की जमीनी समझ प्रशासनिक दक्षता की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टडी एंड रिसर्च प्रोग्राम (FSRP) के अंतर्गत जनपद का अनुभव प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्रामीण प्रशासन, विकास योजनाओं की कार्यप्रणाली और जनसहभागिता की गहरी समझ प्रदान करेगा। मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जनपद में संचालित प्रमुख विकासात्मक, सामाजिक एवं कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और प्रभावी निगरानी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, पंचायतीराज, उद्योग, मनरेगा एवं ग्रामीण विकास जैसी प्रमुख योजनाएँ शामिल थीं। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आगामी फील्ड विज़िट के दौरान ग्राम पंचायतों और ब्लॉकों में जाकर न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को समझें, बल्कि यह भी देखें कि आमजन तक इन योजनाओं का लाभ किस प्रकार पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क और जमीनी अनुभव प्रशासनिक सेवाओं की आत्मा हैं। बताते चलें कि लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए अमेठी पहुँचे कुल 18 प्रशिक्षु अधिकारी नीरज वर्मा, गौरव छिमवल, सोनिया जागरवाल, मार्गी चिराग शाह, आनंद अनिल कुमार खंडेलवाल, यतिन सुनेजा, सौम्या कृष्णन, गोकुल कन्नन, बड्डी साई रोहन, निकिता राज, अहर अभिजीत सहदेव, रजत श्रीराम पत्रे, श्रंजय कुमार, राहुल कुमार मीणा, राजदीप घोष, ऋषिकेश राजेंद्र गायकवाड़, रवि राज और आदित्य कुमार शामिल हैं। ये सभी प्रशिक्षु अधिकारी आगामी 14 नवंबर, 2025 तक जनपद के विभिन्न ब्लॉकों व ग्राम पंचायतों में जाकर शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अर्पित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर नितेश राज, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत अमेठी में महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक।

0

सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश थीम पर चला जनजागरूकता अभियान।

अमेठी। महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 10 नवंबर 2025 को जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशन में तथा उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में “अनंता थीम” के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विकास खंड गौरीगंज के ग्राम पंचायत सोंगरा एवं विकास खंड शाहगढ़ स्थित जनता इंटर कॉलेज, रामगंज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न योजनाओं — बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य/कोविड), स्पॉन्सरशिप योजना, तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना — की जानकारी दी गई और इन योजनाओं के pamphlet व फोल्डर वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली प्रेरक महिलाओं की कहानियां छात्राओं के साथ साझा की गईं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की प्रेरणा मिली। उपस्थित सभी महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। साथ ही, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सायबर हेल्पलाइन 1930, वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, तथा आपातकालीन सेवा 112 — के बारे में जानकारी दी गई और इनके प्रचार-प्रसार के माध्यम से सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। इस अवसर पर मिशन वात्सल्य योजना की टीम भी उपस्थित रही।

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा से मुलाकात की सुनील अर्कवंशी ने

चीफ एडिटर महफूज अहमद

हरदोई पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा से उनके आवास लखनऊ में अर्कवंशी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान अर्कवंशी समाज के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और इन समस्याओं के समाधान के लिए डॉ दिनेश शर्मा जी से सहयोग और समर्थन की अपील की गई।
संडीला नगर का इतिहास के बारे मे अर्कवंशी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ दिनेश शर्मा को अवगत कराया कि संडीला नगर को अरख (अर्कवंशी) जाति के लोगों ने बसाया था और इस क्षेत्र के सबसे पुराने स्वामी थे।
डॉ दिनेश शर्मा ने अर्कवंशी समाज के प्रति समर्थन व्यक्त किया और कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे।
फर्जी इतिहास के विरुद्ध कार्रवाई: डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि फर्जी इतिहास गढ़ने वालों के विरुद्ध शख्त कार्रवाई की जाएगी और अर्कवंशी समाज के इतिहास को विकृत नहीं होने दिया जाएगा।
अर्कवंशी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ दिनेश शर्मा का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी पहल से अर्कवंशी समाज के मुद्दों का समाधान संभव हो सकेगा। इस मौक़े पर अर्कवंशी क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष इंजिनियर आर ऐ सिंह, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशीसमाजसेवीयो मे मास्टर श्री राम आसरे सिंह त्यागी श्री रामऔतार सिंह सभी लोग मौजूद रहे

जनपद में देश के दो महापुरुषों की जयंती भव्यता पूर्वक मनाई गई।

MNEWSUP

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को किया गया सम्मानित।

अमेठी। जनपद में देश के दो महापुरुषों की जयंती आज भव्यता पूर्वक मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, जहां गांधी जी ने हमें सत्य और अहिंसा का पाठ पढ़ाया, वही लाल बहादुर शास्त्री जी ने सौम्यता एवं शालीनता का, इन दो महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करने के पश्चात विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, गोष्ठी में कई वक्ताओं द्वारा अपने-अपने विचार प्रस्तुत करने के उपरांत विद्यालय की छात्राओं द्वारा महात्मा गांधी जी का प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” सहित अन्य भजनों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। विद्यालय की छात्राओं को जिलाधिकारी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों क्रमशः परमानंद मिश्रा, राजेश सिंह, चंद्रभान यादव, श्याम सुंदर गुप्ता व पूजा शुक्ला को अंगवस्त्र व माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी एक व्यक्ति नहीं विचार थे और विचार कभी मरते नहीं, उनके विचार आज भी जिंदा है और हम सब उनके विचारों, आदर्शों पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के बारे में कहा गया है कि “दे दी हमें आजादी बिना खड्ग बिना ढाल साबरमती के हंस तूने कर दिया कमाल” उन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ने के लिए किसी शास्त्र को नहीं बल्कि अपने अंदर के आत्म बल और सहनशीलता को अपना हथियार बनाया और अहिंसा के बल पर लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि आज हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी तथा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के पावन अवसर पर एकत्र हुए हैं यह दिन हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है क्योंकि यह हमें दो महान व्यक्तियों के जीवन, विचारों और आदर्शों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन और सेवा भाव को अपने जीवन में धारण कर भारत को स्वतंत्रता दिलाई। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में अद्भुत नेतृत्व प्रदान करते हुए देशवासियों को एक सूत्र में पिरोया। जिलाधिकारी ने उनके जीवन व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला और सभी को उनसे प्रेरणा लेने का आवाहन किया। जिलाधिकारी ने कहा लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है शास्त्री जी ने अपने कर्म से यह सिद्ध किया कि सच्चा नेतृत्व विनम्रता, निष्ठा और जन सेवा में निहित होता है जिलाधिकारी द्वारा उनके जीवन व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला गया और सभी को उनसे प्रेरणा लेने का आवाहन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अनिल चतुर्वेदी ने भी गांधी जी व शास्त्री जी के जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा, उनके जीवन मूल्य पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के अन्य सभी कार्यालयों, विद्यालयों वृद्धाश्रम में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राम केवल त्रिपाठी, पंकज कुमार, नितेश राज, जिला सूचना अधिकारी शिव दर्शन यादव सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी, छात्र-छात्राएं व जन सामान्य मौजूद रहे।