रालोद ने कर्नल ब्रह्मपाल तोमर को सौंपा लखनऊ कार्यालय प्रभारी का दायित्व
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल ब्रह्मपाल सिंह तोमर (सेवानिवृत्त) को राष्ट्रीय लोकदल, उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय का प्रभारी नियुक्त किया है।
उनकी नियुक्ति पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा पूर्व सैनिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि कर्नल ब्रह्मपाल तोमर का राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। वे वर्ष 2013 से 2017 तक राष्ट्रीय लोकदल की आईटी विंग के प्रदेश संयोजक के रूप में सफलतापूर्वक कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त पिछले एक दशक से वे प्रदेश में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के विस्तार, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं पूर्व सैनिकों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नल तोमर की पार्टी नेतृत्व के प्रति निष्ठा, अनुशासन, प्रशासनिक दक्षता तथा व्यापक जनसंपर्क क्षमता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनके नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनेगी तथा प्रदेश भर में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
मयंक त्रिवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि कर्नल ब्रह्मपाल तोमर के अनुभव एवं नेतृत्व क्षमता से राष्ट्रीय लोकदल को प्रदेश स्तर पर नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती मिलेगी। उनकी नियुक्ति संगठन विस्तार एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि कर्नल तोमर के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन गांव, किसान, युवा, महिला एवं पूर्व सैनिक वर्गों के बीच और अधिक प्रभावी ढंग से अपनी पहुंच स्थापित करेगा तथा प्रदेश में संगठनात्मक आधार को और मजबूत करेगा।



