महफूज अहमद
वन विभाग ने ग्रामीणों व विद्यार्थियों को वृक्षारोपण एवं प्रकृति संरक्षण के लिए किया जागरूक।
अमेठी, जनपद में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा विभिन्न विकास खंडों में संयुक्त रूप से “ग्राम चौपाल एवं ग्रीन चौपाल” तथा “आम बहार आपके द्वार” कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा वन विभाग के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अमेठी रेंज के अंतर्गत स्थानीय ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सचिवों के सहयोग से विकास खंड अमेठी के ग्राम लोनियापुर, विकास खंड संग्रामपुर के ग्राम ठेंगहा, विकास खंड भेटुआ के ग्राम लौकापुर तथा विकास खंड भादर के ग्राम ढेमा में संयुक्त “ग्राम चौपाल एवं ग्रीन चौपाल” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। चौपाल के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियान-2026, कार्बन क्रेडिट योजना तथा “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष के विभिन्न कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आवश्यक सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचित करें। इसी क्रम में यशोदा मेमोरियल पब्लिक स्कूल में “आम बहार आपके द्वार” थीम के अंतर्गत एक भव्य आम भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला एवं भाजपा जिला महामंत्री विशु मिश्रा उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्रीय वन अधिकारी नागेंद्र पटेल, विद्यालय के प्रधानाचार्य रामजी तिवारी तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथियों एवं प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने बच्चों को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पौधरोपण करने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से कार्यक्रम में सभी छात्र-छात्राओं को आम के पौधे वितरित किए गए, जिससे वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कर हरित वातावरण के निर्माण में योगदान दे सकें। वहीं तिलोई विकास खंड के अंतर्गत राम जानकी मंदिर, जमुरवा में भी “आम बहार आपके द्वार” टैगलाइन के तहत आम भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि तिलोई कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह रहे। उन्होंने आम के पौधों का वितरण करते हुए लोगों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी सलोन अनुराग तिवारी, क्षेत्रीय वन अधिकारी तिलोई अभय कुमार मल्ल सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए जनसहभागिता के माध्यम से हरित अमेठी के निर्माण का संकल्प दोहराया। वन विभाग द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनपद में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया तथा लोगों को हरित भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया गया।



