संपादक महफूज़ अहमद
डीएम कार्यालय में दावों की भरमार, जमीनी हकीकत में CMO ऑफिस से 50 मीटर दूर लगा है कूड़े का अंबार
सुल्तानपुर, 13 जुलाई। एक तरफ पूरे जिले में संचारी रोग नियंत्रण और विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक कर बड़े-बड़े अधिकारी सफाई के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन उन्हीं दावों की हकीकत उनके कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर ही देखने को मिल रही है।
ताजा मामला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय का है। CMO कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर पिछले कई दिनों से कूड़े का ढेर लगा हुआ है। न तो नगर पालिका की गाड़ी उसे उठाने आ रही है और न ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहे हैं। कूड़े से उठ रही दुर्गंध और फैल रही गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय के बगल में ही सफाई नहीं हो पा रही, तो पूरे जिले में चल रहा संचारी अभियान कैसे सफल होगा?
सूत्रों के अनुसार, जिलाधिकारी कार्यालय में हर हफ्ते समीक्षा बैठक होती है, जिसमें सभी विभागों को साफ-सफाई और एंटी लार्वा छिड़काव के निर्देश दिए जाते हैं। कागजों में अभियान सफल दिखाया जा रहा है, फोटो सेशन भी खूब हो रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि जब मुख्यालय पर ही अधिकारी फेल हैं, तो ग्रामीण इलाकों में क्या हाल होगा?
जनता ने जिलाधिकारी महोदय से मांग की है कि कागजी कार्रवाई बंद कर जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया जाए और CMO कार्यालय के पास लगे कूड़े के ढेर को तत्काल हटवाया जाए, साथ ही लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।



