जगदीशपुर, अमेठी। स्वतंत्रता दिवस की श्रृंखला के तहत सोमवार को अमेठी यूथ एंड स्पोर्ट्स डेवलपमेंट सोसाइटी के सौजन्य से जगदीशपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। डाक बंगला ब्लॉक से शुरू हुई यात्रा सरकारी अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ विद्यालय एवं मदरसे के छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
हाथों में तिरंगा लिए बच्चे और युवा देशभक्ति के नारों एवं गीतों के साथ आगे बढ़े। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। देशभक्ति गीतों पर बच्चों और युवाओं का जोश देखते ही बना। पूरे मार्ग में राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश नजर आया।
सरकारी अस्पताल पहुंचने के बाद आयोजकों की ओर से सीएचसी अधीक्षक संजय कुमार की मौजूदगी में मरीजों और उनके तीमारदारों को फल वितरित किए गए। इस दौरान लोगों ने सेवा और सहयोग को देशभक्ति से जोड़ते हुए सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
आयोजक अमेठी यूथ एंड स्पोर्ट्स डेवलपमेंट सोसाइटी के सचिव शोएब खान के साथ प्रदीप पाठक, सुनील शुक्ला, सिद्दीक खान, निजाम प्रधान, असद,मुजीब खान, इरफान शाह,अल्लू नेता, समीर कुरैशी, प्राचार्य मान सिंह राठौड़ रहमान नेता,मुख्तार किदवई, नाथू राम और शिक्षक मौलाना कुद्दूस ,मित्रसेन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विद्यालयों और मदरसों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता ने यात्रा में विशेष उत्साह भर दिया।
आयोजकों ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और भाईचारे के संदेश से जोड़ना है। बारिश के बीच भी लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।



