लखनऊ। शारदा नगर, गली नं. 11, द्वितीय, एकता नगर कल्ली पश्चिम रायबरेली रोड लखनऊ में खरंजे वाली सड़क पर बरसात और नालियों के जाम होने से गंदा पानी भरने की समस्या गंभीर हो गई है। इससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि गली लगभग 30 मीटर चौड़ी है और इसके दोनों ओर सैकड़ों मकान बने हुए हैं। बरसात के दिनों में पूरी गली का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। नालियों के जाम होने से मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों को स्कूल और आम लोगों को मुख्य मार्ग तक जाने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
निवासियों ने बताया कि वे नियमित रूप से नगर निगम में गृहकर जमा करते हैं, लेकिन कई वर्षों से इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन, सरोजनीनगर विधायक, क्षेत्रीय पार्षद से मांग की है कि जब तक पक्की नाली का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक अस्थायी व्यवस्था के तौर पर गली से लगभग 100 मीटर दूर स्थित बड़े नाले से इस गली की जल निकासी को जोड़ा जाए। साथ ही स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
स्थानीय लोगो का कहना है कि उन्होंने स्थानीय पार्षद से लेकर क्षेत्रीय विधायक सरोजिनी नगर, नगर आयुक्त नगर निगम, महापौर लखनऊ को पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
स्थानीय निवासियों के साथ मुख्य रूप से आर डी द्विवेदी, राम रूप सिंह, राम दत्त तिवारी, दिनेश कुमार पाण्डेय, जितेंद्र सिंह, चन्द्र कला मिश्रा, रमावती दुबे, सतीश वर्मा, मनोज कुमार सिंह, विनोद कुमार, ममता कुमारी ने एकजुट होकर नाली के निर्माण कार्य के लिए मांग की है।



