संपादक महफूज़ अहमद
लखनऊ। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की माँ की मृत्यु के मामले में अंबेडकरनगर SP के आधिकारिक कथन, आशुतोष मिश्रा के बयान तथा मीडिया में आई परस्पर-विरोधी खबरों के आधार पर डीजीपी, उत्तर प्रदेश से पाँच सीधे सवाल पूछे हैं।
उन्होंने पूछा है कि जब SP के अनुसार मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और विसरा जाँच लंबित है, तो मीडिया में हार्ट अटैक/प्राकृतिक मृत्यु की खबर किस आधार और किस स्रोत से आई; एफआईआर में दर्ज अधिकांश गायब आभूषण अब तक बरामद नहीं हुए हैं तो उनकी वर्तमान स्थिति और पुलिस जाँच का निष्कर्ष क्या है तथा आशुतोष मिश्रा ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं बता रही, तो क्या सभी संभावनाएँ वैज्ञानिक जाँच पूरी होने तक खुली रखी गयी हैं ।
उन्होंने यह भी पूछा है कि क्या पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य, फिंगरप्रिंट, डीएनए, सीसीटीवी, कॉल डाटा आदि सुरक्षित कर ली है; और जब मृत्यु का कारण और परिस्थितियाँ अभी स्पष्ट नहीं हैं, तो क्या डीजीपी यह सुनिश्चित करेंगे कि मामले की दिशा किसी पुलिस कथा नहीं, बल्कि वस्तुनिष्ठ साक्ष्यों से तय हो?
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि यह मामला इसलिए और गंभीर है कि यदि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिवार के मामले में भी पुलिस द्वारा इस तरह का व्यवहार किया जाता है, तो सामान्य नागरिक के मामले में पुलिस क्या करती होगी।



