संपादक महफूज़ अहमद
👉विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ स्वीकार नहीं — डॉ. मोहम्मद मतीन खान
लखनऊ। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल), उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मतीन खान ने आज माननीय राष्ट्रपति महोदया के नाम एक ज्ञापन प्रेषित कर मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह मामला केवल भवन निर्माण अथवा प्रशासनिक कार्रवाई का नहीं, बल्कि हजारों छात्र-छात्राओं की शिक्षा, उनके भविष्य तथा शिक्षा के संवैधानिक अधिकार से जुड़ा हुआ है।
यदि विश्वविद्यालय परिसर में किसी प्रकार की वैधानिक या तकनीकी कमी है, तो उसका समाधान कानून के दायरे में नियमितीकरण अथवा अन्य वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। किसी भी स्थिति में ऐसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा बाधित हो और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।
डॉ. मतीन खान ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को संरक्षित करना सरकार और समाज दोनों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि निर्दोष छात्र-छात्राओं के हित प्रभावित न हों और उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रहे।
उन्होंने राष्ट्रपति महोदया से अनुरोध किया है कि इस पूरे प्रकरण में हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तत्काल रोकने, मामले की निष्पक्ष समीक्षा कराने तथा कानून के अनुरूप समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान करें, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।



