👉20 सितंबर वाराणसी में नई पीढ़ी संवाद
👉कारपोरेट सम्पत्ति पर टैक्स लगा शिक्षा, रोजगार की हो गारंटी – दिनकर कपूर
लखनऊ। राष्ट्र उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूराम पाल ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार पर अति-पिछड़े समाज को धोखा देने का बड़ा आरोप लगाया है। राष्ट्र उदय पार्टी के कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री पाल ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की संसद में जातिगत जनगणना का वादा किया था। लेकिन 14 अगस्त को जारी अधिसूचना में ओबीसी जाति का कालम ही नहीं है। अति पिछड़ों के अलग आरक्षण कोटे के लिए बनी जस्टिस रोहिणी कमीशन की रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया और उसे संसद के पटल तक पर नहीं रखा जा रहा है। इसी तरह प्रदेश की योगी सरकार ने 2018 में रिटायर्ड जज राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में सामाजिक न्याय समिति बनाई। इसकी भी रिपोर्ट आजतक सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने योगी सरकार में शामिल अति पिछड़े नेताओं से भी कहा कि उन्हें रोहिणी कमीशन और राघवेंद्र कमीशन की रिपोर्ट को लागू करने के लिए सरकार पर दबाव बनाना चाहिए अन्यथा सरकार से बाहर आना चाहिए।
इस अवसर पर ऑल इंडिया पीपुल्स फ़्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर ने कहा कि रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान के तहत पूर्वांचल के दस जिलों में जबावदेह सरकार के लिए नौजवानों ने यात्रा निकाली और 20 सिंतबर को वाराणसी के शास्त्री घाट पर नई पीढ़ी संवाद आयोजित होगा। इस संवाद में कारपोरेट की सम्पत्ति पर टैक्स लगाकर शिक्षा, रोजगार की गारंटी करने के सवाल को उठाया जायेगा। उन्होनें कहा कि प्रदेश से पूंजी पलायन, माइक्रो फाइनेंस कंपनियों की लूट, ओबीसी व आदिवासी धर्म कोड कालम को जनगणना में शामिल करने, रिक्त पदों को भरने जैसे 9 सूत्रीय एजेंडें पर पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जायेगा।
राष्ट्र उदय पार्टी के कोषाध्यक्ष के. के. पाल ने कहा कि दो अक्टूबर को कानपुर डा. चिरंजीलाल राजकीय इण्टर कालेज के ग्राउंड में राष्ट्र उदय पार्टी का स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित है। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से राष्ट्र उदय पार्टी नेता उपस्थित हो रहे हैं। साथ ही मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार से भी राष्ट्र उदय पार्टी के नेताओं का आगमन होगा। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष विजय पाल, श्रीराम पाल, अमर पाल भी उपस्थित रहे।



