केवट रामधनी बिंद को हाउस अरेस्ट करने पर आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने जताई निंदा
👉
लखनऊ। आजाद बिंद (दूल्हा हत्याकांड) एवं सौम्या बिंद की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने से रोकने के लिए भारतीय मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिंद को हाउस अरेस्ट करने की आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने कडी निंदा की है।
राज्य कार्यसमिति की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रदेश में भाजपा राज में पुलिस प्रशासन बेलगाम हो गया है। एनकाउंटर और हाफ एनकाउंटर के नाम पर कानून के राज को खत्म किया जा रहा है। पुलिस की इस गैरकानूनी कार्रवाई के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट तक ने निर्णय दिए हैं।
हालत यह है कि समाज के दलित, अति पिछड़े और गरीब तबकों पर लगातार हमले हो रहे हैं। इन हमलों का शांतिपूर्ण प्रतिवाद करने की लोकतांत्रिक गतिविधियों की इजाजत भी सरकार देने को तैयार नहीं है। हद है कि श्रध्दांजलि सभा तक में जाने से लोगों को रोका जा रहा है।
यह पूरी स्थिति लोकतंत्र के लिए बेहद नुकसानदेह है। ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट ने सरकार से भारतीय मानव समाज पार्टी के अध्यक्ष रामधनी बिंद की नजरबंदी खत्म करने और उनकी लोकतांत्रिक गतिविधियों को सुनिश्चित करने की मांग की है।



