संपादक महफूज़ अहमद
👉ओबीसी जाति कलम जनगणना में शामिल हो -बाबूराम पाल
👉जनकल्याण का बजट बढ़ा जनता को राहत दे सरकार
लखनऊ। सरकार द्वारा जनगणना के संबंध में जारी राजपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग का कालम शामिल न किए जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए राष्ट्र उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान के प्रदेश संयोजक बाबूराम पाल ने कहा कि यह सरकार की वादा खिलाफी है। सरकार को तत्काल जनगणना में ओबीसी का कालम जोड़ना चाहिए, जिसमें अति पिछड़े वर्ग की भी आर्थिक-सामाजिक जनगणना शामिल करनी चाहिए।
जस्टिस रोहिणी कमीशन की रिपोर्ट को संसद के पटल पर रखकर उसे तत्काल लागू करना चाहिए। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को इस सवाल समेत 9 सूत्रीय एजेंडा पर वाराणसी के शास्त्री घाट पर रोजगार-सामाजिक अधिकार अभियान की तरफ से सम्मेलन किया जाएगा और 25 अगस्त को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी के माध्यम से भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इसे नहीं सुनती है तो अक्टूबर में दिल्ली में अनिश्चितकालीन धरने की भी घोषणा की जाएगी।
ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर ने कहा कि 9 अगस्त से पूर्वांचल के 10 जिलों में छात्रों नौजवानों की यात्रा चल रही है। जिसे समाज सरोकारी, देशभक्त और न्यायप्रिय नागरिकों व नई पीढ़ी का बड़ा समर्थन मिल रहा है।
नई पीढ़ी ने जवाबदेह सरकार का जो नारा दिया है उसके तहत सरकार को संविधान में दिए गरिमापूर्ण जीवन जीने के हर नागरिक के अधिकार की गारंटी करनी चाहिए। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन व आवास के संवैधानिक अधिकार की गारंटी करनी चाहिए और संसाधन जुटाने के लिए कॉर्पोरेट व सुपर रिच की संपत्ति पर टैक्स लगाना चाहिए। उन्होंने विभाजन, हिंसा और घृणा की राजनीति को हराने में लगी सभी ताकतों से इस अभियान का समर्थन करने की अपील की।
वार्ता में राष्ट्रीय उदय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राम आसरे पाल और कोषाध्यक्ष के. के. पाल ने कहा कि सरकार यदि जन सवालों की अनसुनी करती है तो उत्तर प्रदेश बड़े आंदोलन का गवाह बनेगा।



