संपादक महफूज़ अहमद
अमेठी। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह ने बताया कि दिनांक 26 अगस्त 2026 को नेपाल राष्ट्र में ग्लेशियर फटने के कारण अचानक आई भीषण बाढ़ से व्यापक जन-धन हानि हुई है। इस प्राकृतिक आपदा के चलते नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि नेपाल भारत का पड़ोसी एवं सीमावर्ती राष्ट्र है, जहां प्रदेश के नागरिकों का आवागमन विभिन्न कारणों से होता रहता है। ऐसी स्थिति में यदि जनपद अमेठी के किसी परिवार का कोई सदस्य या परिजन नेपाल में आई इस आपदा के कारण फंसा हुआ है अथवा किसी प्रकार से प्रभावित हुआ है, तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना आवश्यक है। अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे किसी भी व्यक्ति की जानकारी बिना विलंब जिला आपदा नियंत्रण कक्ष अमेठी के मोबाइल नंबर 7830318428 पर उपलब्ध कराएं, ताकि प्रदेश सरकार के माध्यम से संबंधित व्यक्तियों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक सहायता एवं राहत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित व्यक्तियों की सहायता हेतु पूरी तरह संवेदनशील एवं तत्पर है। नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर उसे तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को अवगत कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



