महफूज़ अहमद
लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रीन कैंपस समिति के तत्वावधान में भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को दृष्टिगत रखते हुए पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु “दाना-पानी अभियान” चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर चिड़ियों एवं अन्य पक्षियों के लिए दाना एवं स्वच्छ जल की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं समाज में जीव-जंतुओं और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता एवं पर्यावरणीय चेतना विकसित करना था।
महाविद्यालय की प्राचार्या महोदया प्रो. मंजुला उपाध्याय ने इस अवसर पर कहा कि प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पशु-पक्षियों की सुरक्षा एवं उनके जीवन के प्रति दया और संवेदना रखना भी हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने छात्राओं को अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में भी पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने हेतु प्रेरित किया।
ग्रीन कैंपस समिति की संयोजिका ने बताया कि गर्मी के मौसम में जल स्रोतों के अभाव के कारण पक्षियों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, विद्यालय अथवा कार्यस्थल पर पक्षियों के लिए जल एवं भोजन की व्यवस्था करे, तो अनेक पक्षियों का जीवन बचाया जा सकता है।
समिति के सदस्यों में प्रो. नीतू सिंह , डॉ. आभा दूबे एवम् महाविद्यालय की शिक्षिकाओं में डॉ. गीताली रस्तोगी,प्रो. शर्मीता नंदी,प्रो.वंदना द्विवेदी, प्रो.ज्योत्सना गौतम प्रो.प्रीति हिन्दू कन्या महाविद्यालय एवं नीलम ने इस अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने मिट्टी के पात्रों एवं जलपात्रों में पानी भरकर परिसर के विभिन्न स्थानों पर रखा तथा पक्षियों के लिए दाना भी वितरित किया। कार्यक्रम में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व पर विचार व्यक्त किए तथा प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय परिवार ने इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक संवेदनशील एवं प्रेरणादायी पहल बताते हुए सभी से पक्षियों के संरक्षण हेतु आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।



