संपादक महफूज़ अहमद
अमेठी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जनपद अमेठी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि योजना के अंतर्गत फैमिली कवरेज के मामले में अमेठी को प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त हुआ है, जो जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक 67,759 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड के माध्यम से विभिन्न सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार कराया जा चुका है। इन उपचारों के एवज में अस्पतालों को 97 करोड़ 29 लाख रुपये का भुगतान किया गया है, जिससे हजारों परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत मिली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 2,16,814 परिवारों के 9,37,032 लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना के दायरे में शामिल हैं। इनमें से अब तक 6,24,529 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शेष पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि आयुष्मान कार्ड धारक लाभार्थियों को अब अपने विवरण में संशोधन की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लाभार्थी बेनिफिशियरी डेटा मैनेजमेंट पोर्टल (BDM Portal) के माध्यम से अपने कार्ड में दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि अथवा अन्य त्रुटियों का संशोधन करा सकते हैं। इसके लिए संबंधित लाभार्थी को अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर निर्धारित प्रार्थना-पत्र एवं आवश्यक अभिलेख जमा करने होंगे। आवेदन का सत्यापन होने के बाद विवरण में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे शीघ्र अपना कार्ड बनवाएं। साथ ही जिनके कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निकटतम सीएचसी पर आवेदन देकर उसका संशोधन अवश्य करा लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें योजना के तहत कैशलेस उपचार का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।



